NCR संवाद: गाजियाबाद के निवासियों और आगंतुकों के लिए एक नई सौगात की शुरुआत हो गई है। नोएडा से विजय नगर की ओर प्रवेश करते वक्त तिगरी गोल चक्कर पर अब नजर आएगा एक भव्य और आकर्षक एंट्री गेट, जो न सिर्फ शहर की सुंदरता बढ़ाएगा बल्कि गाजियाबाद की पहचान को भी मजबूती देगा।
रविवार को इसके निर्माण कार्य का शिलान्यास महापौर सुनीता दयाल ने अपने कर-कमलों से किया। इस मौके पर मण्डल अध्यक्ष हेमराज माहौर और अवर अभियंता एस.के. सरोज समेत कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
महापौर ने जानकारी दी कि करीब 2 करोड़ 28 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह एंट्री गेट गाजियाबाद को नई पहचान देगा। अभी तक नोएडा से तिगरी गोल चक्कर होते हुए आने वाले लोगों को यह पता ही नहीं चलता कि वे कब गाजियाबाद में दाखिल हो गए। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए यह परियोजना शुरू की गई है।
उन्होंने बताया कि चुनाव के बाद से ही उन्होंने शहर के मुख्य प्रवेश स्थलों पर भव्य गेट बनवाने की योजना बनाई थी। यू.पी. गेट पर ऐसा एक गेट पहले ही निर्माणाधीन है, और अब तिगरी गोल चक्कर पर दूसरा एंट्री गेट भी जल्द आकार लेगा।
इस एंट्री गेट को विशेष रूप से ढोलपुरी पत्थर, रंग-बिरंगी लाइटों और हरियाली से सजाया जाएगा ताकि यह दूर से ही लोगों को आकर्षित करे। सुनीता दयाल का मानना है कि यह एंट्री गेट न सिर्फ गाजियाबाद की सुंदरता में चार चांद लगाएगा, बल्कि यह शहर की एक विशिष्ट पहचान भी बनेगा।