पावर कट की समस्या के ‘पावरफुल’ समाधान का भरोसा
लघु उद्योग भारती की बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों की बिजली समस्याओं पर मंथन; एसई ने बाताया नो पावरकट जोन का रोडमैप
हैलो हिन्द
फरीदाबाद। औद्योगिक इकाइयों की बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के स्थायी समाधान को लेकर लघु उद्योग भारती फरीदाबाद और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के अधिकारियों के बीच अहम संवाद हुआ। सेक्टर-21सी स्थित होटल पार्क प्लाजा में आयोजित लघु उद्योग भारती फरीदाबाद की चौथी कार्यकारिणी बैठक में उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्रों की जमीनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।

‘नो पावर कट जोन’ की ओर बढ़ने का रोडमैप
बैठक के मुख्य अतिथि डीएचबीवीएन के एसई अमित कुमार कंबोज ने उद्यमियों की समस्याओं को सुना। उन्होंने विभाग और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय के जरिए समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया। बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों को बेहतर बिजली आपूर्ति देने और भविष्य में ‘नो पावर कट जोन’ की दिशा में रोडमैप पर भी चर्चा हुई।

‘बिजली सुधरी तो उद्योगों की रफ्तार बढ़ी’
लघु उद्योग भारती फरीदाबाद के अध्यक्ष अमृतपाल सिंह कोच्छड़ ने कहा कि बिजली सुविधाओं में सुधार से औद्योगिक इकाइयों के कामकाज को गति मिली है, लेकिन स्थानीय और तकनीकी स्तर पर कुछ समस्याएं अब भी बनी हुई हैं। उन्होंने अधिकारियों से इन समस्याओं का अस्थायी समाधान करने के बजाय उन्हें जड़ से खत्म करने का आग्रह किया। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने और उद्यमियों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने पर जोर दिया।

उद्योगों के लिए ‘पावर सप्लाई’ सबसे जरूरी
लघु उद्योग भारती के महासचिव दिनेश शर्मा ने कहा कि उद्योगों के सुचारू संचालन के लिए नियमित और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति बेहद जरूरी है। कोषाध्यक्ष राजकुमार भगत ने कहा कि बिजली की छोटी-सी बाधा भी उत्पादन और आपूर्ति की पूरी प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है। उन्होंने कहा कि विभाग और उद्यमियों के बीच लगातार संवाद से जमीनी स्तर की समस्याओं का समाधान तेजी से किया जा सकता है।

छोटी समस्या, बड़ा असर
कार्यक्रम चेयरमैन एवं लघु उद्योग भारती की सलाहकार समिति के चेयरमैन बी.आर. भाटिया ने कहा कि बिजली से जुड़ी छोटी समस्या भी कई बार उत्पादन प्रक्रिया पर बड़ा असर डालती है। इसलिए शिकायतों के त्वरित निस्तारण के साथ अधिकारियों और उद्यमियों के बीच नियमित संवाद की व्यवस्था जरूरी है। उन्होंने कहा कि उद्योगों की जरूरतों को समझते हुए विभागीय स्तर पर समयबद्ध कार्रवाई से औद्योगिक गतिविधियों को और गति मिल सकती है।

अधिकारियों ने सुनीं जमीनी समस्याएं
बैठक में डीएचबीवीएन के एक्सईएन संजय मंगला, देवेंद्र, पंकज और उर्मिला सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। उद्यमियों ने इन अधिकारियों के सामने विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याएं रखीं। अधिकारियों ने संबंधित मामलों पर आवश्यक कार्रवाई और सहयोग का भरोसा दिया।

विशिष्ट अतिथि एवं डॉ. सूरज प्रकाश आरोग्य केंद्र के चेयरमैन राज कुमार अग्रवाल ने कहा कि उद्योगों के विकास के लिए संबंधित विभागों और उद्योग जगत के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है।

उद्यमियों ने रखी अपनी बात
बैठक बैठक में पूर्व अध्यक्ष एवं गुरुग्राम प्रभारी राकेश गुप्ता, फरीदाबाद पलवल प्रभारी रवि भूषण खत्री, वरिष्ठ उपाध्यक्ष फरीदाबाद गौतम चौधरी, सुरेंद्र जांगड़ा, संजय अरोड़ा, श्याम कंकानी, अनिल प्रताप सिंह, एनके गुप्ता, एनके चावला और सीएल जैन सहित बड़ी संख्या में उद्यमी मौजूद रहे।



